थत्यूड़ में विश्व आत्महत्या निवारण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, 258 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल की पहल, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवन की चुनौतियों से डटकर मुकाबला करने का दिया संदेश

रिपोर्ट—मुकेश रावत
थत्यूड़। विश्व आत्महत्या निवारण दिवस 2026 के अवसर पर लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल, मसूरी की ओर से गुरुवार को थत्यूड़ क्षेत्र में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रोग्राम मैनेजर डेविड अब्राहम के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन की कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करने के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 258 छात्र-छात्राओं और 20 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान डेविड अब्राहम ने विश्व आत्महत्या निवारण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आत्महत्या की रोकथाम केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को जागरूक होकर सामूहिक भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना सकारात्मक सोच के साथ करने तथा जरूरत पड़ने पर परिवार, शिक्षकों और भरोसेमंद लोगों से बातचीत करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश देवराड़ी ने लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन की कठिन परिस्थितियों में हिम्मत नहीं हारने और समस्याओं का डटकर सामना करने का आह्वान किया।
डीआरसी थत्यूड़ में भी हुआ जागरूकता कार्यक्रम
जागरूकता अभियान के तहत डीआरसी थत्यूड़ में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय समुदाय के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल की टीम के सदस्य भी मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने आत्महत्या से जुड़े जोखिमों को पहचानने, जरूरतमंद व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता से संवाद करने और समय रहते सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर जानकारी दी।
इस अवसर पर सीएचसी थत्यूड़ एवं लैंडोर कम्युनिटी हॉस्पिटल, मसूरी की ओर से विश्व आत्महत्या निवारण दिवस से जुड़े संदेशों को व्यापक स्तर पर समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बातचीत करने और संकट की स्थिति में जरूरतमंद व्यक्ति का साथ देने की अपील की गई।



