एसआईआर में टिहरी की 6 विधानसभा सीटों पर 1.17 लाख नोटिस जारी, 75,985 मामलों में सुनवाई पूरी
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में तेजी, 1,17,499 नोटिस वितरित; जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को पेंडेंसी खत्म करने के दिए निर्देश

टिहरी गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर टिहरी जिले में निर्वाचन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिले की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक 1,17,501 नोटिस जनरेट किए गए हैं। इनमें से 1,17,499 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि केवल दो नोटिस वितरण के लिए लंबित हैं। वहीं, 75,985 मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
विधानसभावार आंकड़ों पर नजर डालें तो घनसाली विधानसभा में 21,094 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 9,874 मामलों में सुनवाई पूरी हुई। देवप्रयाग में 19,131 नोटिस के सापेक्ष 16,305, नरेंद्रनगर में 20,758 के सापेक्ष 14,629, प्रतापनगर में 16,022 के सापेक्ष 9,849, टिहरी विधानसभा में 19,256 के सापेक्ष 10,049 तथा धनोल्टी में 21,240 नोटिस के सापेक्ष 15,279 मामलों में सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार वर्तमान में 3,609 मामले लंबित हैं, जबकि 1,312 मामलों में सुनवाई की निर्धारित तिथि लैप्स हो चुकी है। शेष मामलों में पुनर्निर्धारण यानी री-शेड्यूल की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में टिहरी गढ़वाल जनपद की मतदाता सूची में कुल 4,63,628 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपडेट और अधिक सटीक बनाने का कार्य लगातार जारी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की प्रतिदिन की कार्य प्रगति उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने एसआईआर के कार्य में तेजी लाने और किसी भी स्तर पर पेंडेंसी बढ़ने नहीं देने के निर्देश भी दिए हैं।



