बाइक चोरी का खुलासा, 19 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार; चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
नैनबाग बाजार से चोरी हुई थी बाइक, कैम्पटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया बरामद; एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर पुलिस का प्रभावी अभियान

थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। नैनबाग बाजार से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में कैम्पटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने बाइक चोरी की घटना में तेजी से कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 की रात नैनबाग बाजार में एक दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर 17 अगस्त को कोतवाली कैम्पटी में मुकदमा अपराध संख्या 36/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
चौकी प्रभारी नैनबाग उपनिरीक्षक मंगेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू करते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने चोरी की मोटरसाइकिल UP23U 4118 बरामद करते हुए आरोपित समीर उर्फ संजय थापा, पुत्र लाल बहादुर, निवासी ग्राम नागल हटनाला, थाना राजपुर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मंगेश कुमार, चौकी प्रभारी नैनबाग
कांस्टेबल 08 एपी अंकित रावत
टिहरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनपद में अपराधों की रोकथाम और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



