टनल हादसे के बाद एक्शन में CM धामी, घायल श्रमिकों से मिले; बोले- हर जान बेहद कीमती
गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल, चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश; बोले- सुरक्षित रेस्क्यू सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

चमोली, 14 अगस्त। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोर्चा संभाल लिया है। घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती श्रमिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता के अनुसार उन्हें सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के इलाज में संसाधनों की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
‘हर जान बेहद कीमती, सुरक्षित रेस्क्यू सर्वोच्च प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है। टनल में फंसे हर श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है और अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
श्रमिकों के स्वजन को समय पर दी जा रही जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं वार्ता की है। सरकार श्रमिकों के परिजनों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है, ताकि उन्हें घटनाक्रम और रेस्क्यू अभियान की जानकारी समय पर मिलती रहे।
टनल हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।
इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



