उत्तराखंड ताज़ा

मेगा प्रोजेक्ट्स में देरी पर मुख्य सचिव सख्त, तय समयसीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश

रुद्रपुर-पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू हों कक्षाएं, हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के निर्माण में तेजी के निर्देश

देहरादून, 07 अगस्त। प्रदेश में निर्माणाधीन मेगा प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश के विभिन्न बड़े प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक परियोजना के लिए मासिक एवं त्रैमासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने ऊर्जा विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड जल विद्युत निगम, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन और यूपीसीएल के बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लॉस रिडक्शन वर्क्स के लिए वित्तीय और भौतिक लक्ष्य तय करते हुए लगातार मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विद्युतीकरण कार्य को भी निर्धारित अवधि में पूरा करने के लिए मासिक लक्ष्य तय करने को कहा।

मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में तेजी के निर्देश

मुख्य सचिव ने प्रदेश में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों को जल्द से जल्द संचालित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों का निर्माण शीघ्र पूरा कर कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने को कहा।

शारदा घाट की देरी पर जताई नाराजगी

समीक्षा बैठक में शारदा घाट के कार्य में हो रही देरी पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपी़डीसीसी को मजबूत करने की आवश्यकता बताई और परियोजनाओं की गुणवत्ता के साथ समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कुंभ-2027 को ध्यान में रखकर गंगा कॉरिडोर में तेजी

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने आगामी कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए दिसंबर 2026 तक जितना कार्य पूरा किया जा सकता है, उसी के अनुरूप तत्काल कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा महिला एवं बाल कल्याण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन कामकाजी महिला छात्रावासों के संचालन के लिए प्रभावी मैकेनिज्म तैयार करने को कहा गया, ताकि निर्माण पूरा होने के बाद इनका संचालन बिना किसी बाधा के शुरू किया जा सके।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, चंद्रेश कुमार यादव, सी. रविशंकर एवं विनोद कुमार सुमन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!