आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचीं डीएम, नौनिहालों की पढ़ाई-लिखाई और पोषण व्यवस्था को परखा
बच्चों को अंग्रेजी वर्णमाला पढ़ाई, गुणवत्तापूर्ण पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को विकासखंड चंबा की सुमन कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण व्यवस्था और स्वास्थ्य निगरानी की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, पोषण पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, नियमित वजन परीक्षण तथा पोषण आहार की व्यवस्था की जानकारी ली और सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को निर्देश दिए कि सभी बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनके स्वास्थ्य और वजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बच्चों के बीच बैठीं और ब्लैकबोर्ड पर उन्हें अंग्रेजी वर्णमाला एवं प्रारंभिक अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया। उन्होंने बच्चों से वर्णमाला और सामान्य शिक्षा से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। बच्चों की सीखने की क्षमता से संतुष्ट जिलाधिकारी ने उनकी पुस्तकों का भी अवलोकन किया तथा नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी उपस्थित रहीं।



