शहीद को सम्मान, मसूरी को विकास की सौगात: CM धामी ने ₹17.80 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
पुरकुल में शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति सामुदायिक भवन का लोकार्पण, सड़क, नाली और सामुदायिक भवनों सहित कई विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी।

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र को मंगलवार को विकास की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की करीब 17.80 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पुरकुल में शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति सामुदायिक भवन राष्ट्र को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल सड़क और भवन नहीं बना रही, बल्कि जनता की भावनाओं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास का नया मॉडल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एमडीडीए की ओर से पुरकुल में करीब 3.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही सालावाला, डोभालवाला और विजय कॉलोनी में सड़क, नाली और सामुदायिक भवनों से जुड़ी चार नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि सैन्य धाम, मसूरी रोपवे, जल जीवन मिशन, सड़क सुदृढ़ीकरण और पर्यटन विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार “बिना रुके, बिना थके” जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसे फैसले प्रदेश में सुशासन की नई पहचान बने हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि एमडीडीए की विकास योजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ योजनाबद्ध विकास को आगे बढ़ा रहा है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलने का लक्ष्य पूरा होगा।



