टिहरी गढ़वाल

टिहरी में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा एक्शन: ₹3 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पहाड़ों में फैला रहे थे नशे का जाल

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर कीर्तिनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.95 ग्राम स्मैक बरामद। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस।

टिहरी गढ़वाल। जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कीर्तिनगर पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं को नशे की लत लगाने के उद्देश्य से स्मैक की सप्लाई कर रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कीर्तिनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मलेथा बैरियर पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 8.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित डोभाल और रुद्र राणा के रूप में हुई है। अंकित के कब्जे से 5.17 ग्राम तथा रुद्र राणा के पास से 3.78 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपी बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहाड़ी इलाकों में स्मैक की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की साजिश रच रहे थे। अब पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क, इसके सरगनाओं और अन्य तस्करों तक पहुंचने के लिए गहन जांच में जुट गई है।

इस मामले में कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” पूरी मजबूती से जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस, मानस पोर्टल या टोल फ्री नंबर 1933 पर दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने का अभियान और प्रभावी हो सके

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!