उत्तराखंड ताज़ा

नई टिहरी में बारिश से बढ़ा खतरा: सी-ब्लॉक से तीन परिवारों को तत्काल कराया गया शिफ्ट, डीएम ने खुद संभाला मोर्चा

भारी बारिश के बाद क्षतिग्रस्त पुस्ते से बढ़ा जोखिम, 24 घंटे पुलिस निगरानी के आदेश। सुरक्षा दीवार का निर्माण अब प्राथमिकता पर होगा पूरा, अवैज्ञानिक खुदाई की जांच भी शुरू।

नई टिहरी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नई टिहरी के सी-ब्लॉक में बड़ा हादसा टल गया। खतरे को भांपते हुए जिला प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई करते हुए तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल खुद मौके पर पहुंचीं और पूरे हालात का निरीक्षण किया।

प्रशासन के मुताबिक, निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार के ऊपर स्थित टाइप-3 आवास के पुस्ते को भारी बारिश के कारण नुकसान पहुंचा, जिससे वहां रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा। इसके बाद प्रशासन ने बिना देर किए आवास खाली कराकर प्रभावित परिवारों के अस्थायी रहने की व्यवस्था कर दी।

संवेदनशील भवन को चिन्हित कर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस को 24 घंटे निगरानी रखने और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ढाल को तिरपाल और बालू की बोरियों से सुरक्षित किया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा दीवार का अधूरा निर्माण अब लोक निर्माण विभाग प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगा। खास बात यह है कि धनराशि मिलने का इंतजार किए बिना ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, ताकि मानसून के दौरान किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।

इसके साथ ही प्रशासन ने स्थल पर हुई कथित अवैज्ञानिक खुदाई को भी गंभीरता से लिया है। पुलिस को पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। सुरक्षा दीवार पूरी होने और तकनीकी सुरक्षा प्रमाण मिलने के बाद ही प्रभावित परिवारों को वापस उनके आवास में भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!