उत्तराखंड ताज़ा

20 हजार लोगों के जनसैलाब के बीच गूंजा ‘सेवा पखवाड़ा’, मुख्यमंत्री धामी ने एक मंच से दीं हजारों को सौगातें

ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में 20 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी, एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य, पेंशन, रोजगार और जनकल्याण योजनाओं का मिला लाभ, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के सफल पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम जनसेवा का बड़ा केंद्र बन गया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही। इस दौरान गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने मुख्यमंत्री को पांच वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा करने पर बधाई भी दी।

सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के विभिन्न विभागों ने एकीकृत प्रयास के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी तत्काल उपलब्ध कराया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1009 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और उपचार किया गया। 212 हड्डी रोगियों, 70 महिला रोगियों तथा 81 नेत्र, नाक और कान संबंधी मरीजों का उपचार किया गया। 13 बच्चों का टीकाकरण, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे, 70 रक्त जांचें तथा आयुष विभाग द्वारा 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं 23 दिव्यांग प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।

समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग श्रेणी के 75 लोगों की पेंशन मौके पर स्वीकृत की, जबकि 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1200 से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उत्कृष्ट लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक समूह को पांच-पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!