ऑपरेशन प्रहार का असर: हरिद्वार से दबोची गई गैर जमानती वारंटी महिला, टिहरी पुलिस की कार्रवाई जारी
न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट पर कैंपटी पुलिस ने की गिरफ्तारी, वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार चल रहा अभियान

टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस लगातार वांछित अपराधियों और वारंटियों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत कैंपटी पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में एक महिला वारंटी को हरिद्वार के कनखल क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सिविल जज/न्यायिक मजिस्ट्रेट, टिहरी गढ़वाल द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर लगभग 35 वर्षीय महिला, निवासी नैनबाग (कोतवाली कैंपटी), को थाना कनखल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद महिला को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
टिहरी पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और न्यायालय से जारी वारंटों की प्रभावी तामील सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फरार वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



