उत्तराखंड ताज़ा

चारधाम यात्रा ने तोड़ा रिकॉर्ड: एक महीने में यमुनोत्री-गंगोत्री पहुंचे 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु

उत्तरकाशी प्रशासन अलर्ट मोड पर, सुरक्षा से स्वास्थ्य तक चाक-चौबंद इंतजाम देश-विदेश से उमड़ रही आस्था की भीड़, रोजाना हजारों श्रद्धालु कर रहे दर्शन

उत्तरकाशी। श्रद्धा, आस्था और विश्वास के महापर्व चारधाम यात्रा में इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही उत्तरकाशी जिले स्थित श्री यमुनोत्री और श्री गंगोत्री धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख के पार पहुंच गई है।

19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में अब तक दोनों धामों में कुल 5 लाख 20 हजार 991 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 2 लाख 62 हजार 275 तथा गंगोत्री धाम में 2 लाख 58 हजार 716 श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वहीं, अब तक 51 हजार 68 छोटे-बड़े वाहनों के जरिए श्रद्धालु धामों तक पहुंचे हैं।

चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। रविवार को जारी यात्रा बुलेटिन के अनुसार, एक ही दिन में यमुनोत्री धाम में 15 हजार 30 और गंगोत्री धाम में 13 हजार 737 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जिला प्रशासन यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। यात्रा मार्गों पर यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, बिजली, सफाई और आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें यात्रा मार्गों और पड़ाव स्थलों पर तैनात हैं। साथ ही सफाई व्यवस्था को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!