उत्तराखंड ताज़ा

टिहरी में ‘ऑपरेशन प्रहार’ का बड़ा एक्शन: पहाड़ों में लहलहा रही अवैध अफीम की खेती उजाड़ी, 22 किलो पोस्त बरामद

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर चंबा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी अजीत सिंह हटवाल फरार — खेतों में खड़ी अफीम की फसल मौके पर नष्ट

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चंबा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने हटवाल गांव में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए करीब 22 किलो अवैध पोपी/पोस्त बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कई खेतों में अफीम की खड़ी फसल भी मिली, जिसे प्रशासन ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे को अवैध अफीम और पोस्त की खेती की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उन्होंने चंबा पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर हटवाल गांव में छापेमारी की गई।

संयुक्त टीम जब गांव पहुंची तो वहां तीन खेतों में अवैध अफीम की खड़ी फसल और पांच खेतों में कटी हुई पोस्त की फसल मिली। जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि आरोपी अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह और अन्य लोगों के नाम दर्ज है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर के बाहर रखे दो प्लास्टिक कट्टों से लगभग 22 किलो अवैध पोपी/पोस्त बरामद हुई। इसमें 3 किलो 638 ग्राम सूखी पोपी डोडा और 18 किलो 480 ग्राम कच्ची पोपी डोडा शामिल है। पुलिस ने बरामद माल को सील कर कब्जे में लेते हुए जांच के लिए नमूने सुरक्षित कर लिए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी के परिजनों ने बताया कि अवैध खेती और बरामद पोस्त का काम अजीत सिंह हटवाल ही कर रहा था। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

तहसीलदार धीरज राणा ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 48 के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर खड़ी अवैध अफीम की फसल को नष्ट करवाया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई ताकि सभी साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें।

इस मामले में आरोपी अजीत सिंह हटवाल उर्फ अजय सिंह निवासी हटवाल गांव, पट्टी सकलाना, टिहरी गढ़वाल के खिलाफ कोतवाली चंबा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/46 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस संयुक्त अभियान में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक मनोज ममंगाई, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र नेगी, उपनिरीक्षक जय कुमार, तहसीलदार धीरज राणा, राजस्व उपनिरीक्षक राकेश सेमवाल समेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम शामिल रही।

टिहरी पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!