7-8 माह से वेतन न मिलने पर दैनिक श्रमिकों का फूटा गुस्सा, कृषि मंत्री को सौंपा ज्ञापन
मगरा उद्यान के श्रमिक बोले—वर्षों से सेवा के बावजूद भुगतान लंबित, मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 21 अप्रैल: प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी से मंगलवार को उनके कैंप कार्यालय में दैनिक श्रमिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। श्रमिकों ने लंबे समय से वेतन न मिलने को लेकर गहरी नाराजगी जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जनपद टिहरी के अंतर्गत राजकीय उद्यान मगरा में वे पिछले 6 से 7 वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन बीते 7 से 8 महीनों से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रमिकों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित वेतन शीघ्र जारी कराने की मांग की।
इसके साथ ही श्रमिकों ने विशेष अभियान के तहत उन्हें रानीखेत (चौपटिया) में तीन माह का माली प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग रखी, ताकि उनके कौशल विकास के साथ रोजगार की संभावनाएं बढ़ सकें।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और लंबित वेतन का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित कराया जाएगा।



