स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का दून अस्पताल औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा
मरीजों से सीधे संवाद कर लिया फीडबैक, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के दिए संकेत

देहरादून: प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद शनिवार को दून अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का दौरा करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।
मंत्री उनियाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके हाल-चाल जाने और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा संवाद कर अस्पताल की सेवाओं पर फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ऐसे निरीक्षण और समीक्षा आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।



