मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक, शहरी विकास, पेयजल व पीडब्ल्यूडी के अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी
नीलकंठ महादेव व रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को हरी झंडी, पेयजल योजनाओं और काठगोदाम बाईपास परियोजना को भी स्वीकृति

देहरादून, 19 मार्च 2026। राज्य के विकास कार्यों को गति देने की दिशा में गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति (EFC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी विकास, पेयजल तथा लोक निर्माण विभाग से जुड़े विभिन्न परियोजनाओं को विस्तार से समीक्षा के बाद मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल स्थित नीलकंठ महादेव तथा नैनीताल के रामनगर में प्रस्तावित मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पार्किंग निर्माण के दौरान निर्धारित गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
नीलकंठ महादेव मल्टीस्टोरी पार्किंग (कुल लागत ₹5183.65 लाख) तथा रामनगर मल्टीस्टोरी पार्किंग (₹3857.64 लाख) के निर्माण में प्रवेश-निकास की सुगमता के लिए टर्निंग रेडियस समेत सभी तकनीकी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही नीलकंठ महादेव क्षेत्र में निर्माण से पूर्व जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराए जाने और भवन के फसाड (बाहरी स्वरूप) को आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया गया।
पेयजल विभाग की चार महत्वपूर्ण योजनाओं को भी समिति ने मंजूरी दी। इनमें पीपलकोटी नगर पंचायत (₹2438.32 लाख), तिलवाड़ा नगर पंचायत (₹3986.24 लाख) और ऊखीमठ नगर पंचायत (₹2578.52 लाख) की पेयजल योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लालकुआं नगर पंचायत की सीवरलाइन परियोजना (₹37.95 लाख) को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटरिंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए, वहीं सीवरलाइन परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के तहत 3.500 किमी लंबी सड़क और 75 मीटर स्पान के सेतु निर्माण (कुल लागत ₹1177.93 लाख) को भी समिति द्वारा मंजूरी दी गई।
बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री दिलीप जावलकर, श्री रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



