टिहरी झील महोत्सव को भव्य बनाने की कवायद तेज
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टूर ऑपरेटरों संग मंथन, शीतकालीन पर्यटन पर विशेष जोर

टिहरी। जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में टिहरी झील महोत्सव के आयोजन को लेकर जनपद के टूर ऑपरेटरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देते हुए टिहरी जनपद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना रहा।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पर्यटन विकास
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड को पर्यटन के क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाने पर बल दिया गया है। इसी क्रम में माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार टिहरी जनपद में शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए विविध गतिविधियों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने टूर ऑपरेटरों से अपील की कि कनाताल, धनोल्टी व तपोवन के साथ-साथ जनपद के अन्य पर्यटन स्थलों को भी पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाया जाए।
एडवेंचर और अनुभवात्मक गतिविधियों पर फोकस
जिलाधिकारी ने एडवेंचर टूरिज्म और अनुभवात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए टूर ऑपरेटरों से रचनात्मक सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि ट्रेकिंग, हाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग जैसी गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
चार दिवसीय टिहरी फेस्टिवल की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह को आगामी टिहरी फेस्टिवल के चार दिवसीय आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रेक, एडवेंचर एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों का विस्तृत विवरण सभी हितधारकों से लेकर साझा करने को कहा गया।
काइट फेस्टिवल, ट्रेकिंग और माउंटेन बाइकिंग के प्रस्ताव
बैठक के दौरान हिमगंगा एडवेंचर द्वारा गंगा तट पर काइट फेस्टिवल आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया।
ट्रेक हिमालय के राजीव त्रिपाठी ने ट्रेकिंग एवं हाइकिंग स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया, जबकि बृजेश सेमल ने माउंटेन बाइकिंग ट्रेल्स को चिन्हित कर विकसित करने की आवश्यकता बताई। विभिन्न टूर ऑपरेटरों ने अपने-अपने सुझाव साझा किए।
1, 2 और 3 दिवसीय टूर पैकेज तैयार करने के निर्देश
बैठक में दो प्रतिभागियों ने वालंटियर के रूप में इटिनेररी तैयार करने में सहयोग देने की इच्छा जताई। इस पर जिलाधिकारी ने 1-डे, 2-डे एवं 3-डे टूर प्रपोजल तैयार कर शीघ्र साझा करने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, बोट यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, होमस्टे संचालक मनीष नेगी, एडवेंचर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट अरविंद रतूड़ी, पैराग्लाइडर रणजीत, वीरेंद्र, सचिन, टाडा से दर्शन सिंह सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।



