
थत्यूड़। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद एक बार फिर बाजार में रौनक लौटने लगी है। व्यापारियों ने त्योहारी सीजन को देखते हुए अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। बाजार के व्यापारियों को इस बार धनतेरस व दीपावली पर बेहतर व्यापार की उम्मीद है।
बताते चले कि दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है। धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना गया है। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में भी धनतेरस पर बाजार में बर्तन की दुकानों पर स्टील, पीतल, तांबे के बर्तन लगाए गए हैं। साथ ही साज-सज्जा की चीजों की भी अलग-अलग वैरायटी बाजार में उपलब्ध है। घर को सजाने के लिए अलग-अलग प्रकार की आर्टिफिशियल फूलों की मालाएं व गमले बाजार में मिल रही है। मिट्टी से निर्मित विभिन्न वस्तुएं भी ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं।
व्यापारी प्रकाश भट्ट अखिलेश बधानी जसपाल रावत ने कहा कि भले ही बाजार में दुकान धनतेरस एवं दीपावली के लिए सज चुकी है, लेकिन अब भी उन्हें ग्राहकों का इंतजार बना हुआ है। साथ ही बताया कि वर्तमान में ऑनलाइन शापिग का चलन बढ़ने से बाजार की दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य सामान की डिमांड कम हुई है। उम्मीद है कि धनतेरस व दीपावली पर ग्राहकों की भीड़ खरीदारी के लिए पहुंचेगी।