स्वच्छता को लेकर सख्त जिलाधिकारी, कांवड़ पटरी मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
सफाई में ढिलाई पर नगर निगम को फटकार, अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश

- कांवड़ पटरी मार्ग के सौंदर्यकरण और मरम्मत में तेजी लाने के आदेश
हरिद्वार, 30 दिसंबर 2026। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में जिलाधिकारी गंभीर नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने बुधवार को सिडकुल, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ पटरी मार्ग (सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक) का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे सफाई एवं सौंदर्यकरण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुल जटवाड़ा से सिंहद्वार तक कांवड़ पटरी मार्ग के आसपास बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग के किनारे क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल एवं सड़कों की मरम्मत कराने, साथ ही उगी झाड़ियों को तत्काल हटाने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए।
श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ और सुंदर मार्ग हो प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख वैकल्पिक मार्ग है। ऐसे में इस मार्ग को दुरुस्त एवं आकर्षक बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे पौधारोपण कार्यों की सराहना करते हुए सौंदर्यकरण कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण मिल सके।
अतिक्रमण पर सख्त रुख, दोबारा कब्जा करने पर होगी कार्रवाई
सिंहद्वार पुल के आसपास किए गए अतिक्रमण पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए फड़, ठेली एवं अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जाए और यदि कोई दोबारा अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएसआर कार्यों की समीक्षा, सफाई में तेजी के निर्देश
सिंहद्वार से कांवड़ पटरी मार्ग पर सीएसआर के तहत एकम्स कंपनी एवं हीरो कंपनी द्वारा किए जा रहे सफाई एवं सौंदर्यकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने दोनों कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई एवं सौंदर्यकरण कार्यों में और तेजी लाई जाए।
नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी
नगर निगम क्षेत्र में सफाई अभियान में ढिलाई एवं लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करते हुए स्वच्छता बनाए रखना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान सिडकुल के आरएम कमल किशोर कफल्टिया, एकम्स कंपनी के जीएम केडी शर्मा, हीरो कंपनी के एचआर हेड पंकज भट्ट, हरीश नौटियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



