कैम्पटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 451 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया अभियुक्त, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

थत्यूड़/कैम्पटी। नशे के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कैम्पटी पुलिस ने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सघन चेकिंग के दौरान 451 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उत्तराखंड सरकार के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के अंतर्गत की गई। दिनांक 18 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना कैम्पटी पुलिस द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अगलाड़ पुल से करीब 50 मीटर आगे, मसूरी बैंड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन संख्या UK 07 HB 6913 (451 जावा मोटरसाइकिल) से 451 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। मौके पर ही अभियुक्त रजत पाल पुत्र सतीश कुमार पाल, उम्र 29 वर्ष, निवासी बिचली जॉली ग्रांट, थाना डोईवाला, जनपद देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना कैम्पटी पर मुकदमा संख्या 70/2025 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक रामनरेश शर्मा ने किया, जिनके साथ कांस्टेबल पुष्कर सिंह और जसवीर सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि नशे के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।



