30 साल की दूरदर्शिता के साथ बने जिला योजना: प्रभारी मंत्री गणेश जोशी
नई टिहरी में जिला योजना समीक्षा बैठक, पेयजल संकट, पर्यटन और विकास कार्यों पर गंभीर मंथन

टिहरी, 25 अप्रैल 2026।
नई टिहरी स्थित जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल की जिला योजना समीक्षा बैठक प्रभारी मंत्री गणेश जोशी (कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले के समग्र विकास को लेकर गहन चर्चा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला योजना को अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ तैयार किया जाए।
मंत्री जोशी ने कहा कि योजनाओं के निर्माण में जनप्रतिनिधियों और विधायकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा आगामी 30 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास का रोडमैप तैयार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल संकट को राष्ट्रीय स्तर की चुनौती बताते हुए इसके समाधान हेतु सुनियोजित और स्थायी रणनीति बनाने पर जोर दिया। साथ ही जिलाधिकारी को पर्यटन विकास के लिए अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे नवाचारों और बेस्ट प्रैक्टिस की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक विकासखंड में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘माई ब्लॉक माई शॉप’ योजना संचालित की जा रही है। इसके अलावा जिला अस्पताल में फीडिंग रूम, ‘माई ब्लॉक माई लाइब्रेरी’, ‘फिजिक्स वाला’ के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग और नई स्पोर्ट्स सुविधाओं का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना के अंतर्गत ₹95 करोड़ 21 लाख 50 हजार की मांग प्रस्तुत की गई। इस दौरान कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभागों की योजनाओं को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रमुख प्रस्तावों में घेरबाड़, ट्राउट और कीवी उत्पादन, गोट वैली, पर्यटन व्यू प्वाइंट्स, सीएचसी-पीएचसी मरम्मत और विद्यालयों में शौचालय निर्माण शामिल रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने पेयजल संकट को गंभीर मुद्दा बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की। वहीं डीएफओ पुनीत तोमर ने सड़क कटान के कारण जल स्रोतों पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन आईएसबीटी और बौराड़ी मार्केट की गुणवत्ता को लेकर विधायक किशोर उपाध्याय एवं नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने सवाल उठाए। रिंग रोड निर्माण और विद्यालयों में शौचालय व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने मंत्री, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, प्रीतम सिंह पंवार, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।



