उत्तराखंड ताज़ा

अम्बेडकर जयंती पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास का नमन, बोले— “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” ही राष्ट्र निर्माण का मूल मंत्र

देहरादून में घंटाघर स्थित अम्बेडकर पार्क व डीएल रोड पर माल्यार्पण, देशवासियों से समानता, न्याय और बंधुत्व के आदर्श अपनाने की अपील

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर राजधानी देहरादून में घंटाघर स्थित अम्बेडकर पार्क तथा डीएल रोड पर स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर उन्होंने समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर केवल संविधान के शिल्पी ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के सशक्त प्रतीक थे। उनका जीवन मानव कल्याण और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है।

खजान दास ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर जयंती हमें समानता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देती है, जिसे आत्मसात करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मंत्री ने बाबा साहेब के प्रसिद्ध मंत्र— “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को समाज के लिए मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि एक समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण के लिए हमें इन आदर्शों पर चलना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि एक साधारण दलित परिवार से निकलकर देश के प्रथम कानून मंत्री बनने तक का बाबा साहेब का सफर प्रेरणादायक है और उनका योगदान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है। समाज उनके बहुमूल्य योगदान को कभी भुला नहीं सकता।

इस मौके पर भाजपा कानपुर मंडल अध्यक्ष राहुल लारा, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता उमा नरेश तिवारी, अजय आकाश, देविका रानी, तारा देवी सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!