थत्यूड़ में ‘जन-जन की सरकार–जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम संपन्न
एक ही छत के नीचे आमजन को मिलीं 20 से अधिक विभागों की सेवाएं

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड जौनपुर अंतर्गत तहसील धनोल्टी की न्याय पंचायत खेड़ा स्थित विकासखंड कार्यालय थत्यूड़ में मुख्यमंत्री के जनकल्याणकारी अभियान ‘जन-जन की सरकार–जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना निदेशक, डीआरडीए पुष्पेंद्र चौहान ने की।
विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी, मौके पर समाधान
कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाया।
कृषि विभाग ने किया यंत्र वितरण, किसानों को मिला सीधा लाभ
कृषि विभाग की ओर से पात्र कृषकों को 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्रों का वितरण किया गया। साथ ही काश्तकारों को जिंक सल्फेट खाद निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। कृषि प्रभारी सुनील डोगरा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए कई लाभार्थियों की लंबित समस्याओं का निराकरण किया।
सरकार की पहल जनता के लिए लाभकारी: ब्लॉक प्रमुख
ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल जनता के लिए अत्यंत लाभकारी है, क्योंकि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
तीन विभागों की अनुपस्थिति पर रिपोर्ट प्रेषित
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नीलू चावला एवं तहसीलदार बिरम सिंह पंवार ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अभियान में 23 विभागों की उपस्थिति अपेक्षित थी, लेकिन वन, गृह एवं श्रम विभाग के प्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। संबंधित विभागों की अनुपस्थिति की रिपोर्ट जिलाधिकारी, नई टिहरी को प्रेषित की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष खेमराज भट्ट, भाजपा मीडिया प्रभारी रविंद्र रावत, खेमराज पुजारी, जयेंद्र बिजलवाण, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील काकी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार, रत्नमणि गौड़, सुनील रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



