कोटी कॉलोनी-डोबरा मोटर मार्ग परियोजना को मिली रफ्तार, डीएम ने 15 जून तक यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी करने के दिए निर्देश
15.77 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के लिए विभागों को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश, पहले 10 किलोमीटर क्षेत्र में जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

टिहरी गढ़वाल। पर्यटन क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित कोटी कॉलोनी-डोबरा मोटर मार्ग परियोजना को गति देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परियोजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। लोक निर्माण विभाग चम्बा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती ने बताया कि कोटी कॉलोनी से डोबरा तक 15.77 किलोमीटर लंबी मोटर मार्ग परियोजना पर विभागीय समन्वय के साथ कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग की प्रक्रियाएं जारी हैं।
जल निगम के अधिशासी अभियंता के.एन. सेमवाल ने जानकारी दी कि पेयजल लाइनों के स्थानांतरण को लेकर संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा और आगामी 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि मार्ग निर्माण के दौरान प्रभावित होने वाले हैंडपंपों के संबंध में प्रस्ताव तैयार किया जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित हैंडपंपों का विस्तृत आकलन कर उन्हें शिफ्ट करने अथवा आवश्यकतानुसार नए हैंडपंप स्थापित करने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजा जाए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि 15 जून तक संयुक्त निरीक्षण सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही परियोजना के प्रथम 10 किलोमीटर हिस्से में निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य संपादित करें।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, टाडा और यूपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।



