आस्था की अद्भुत छटा: बाबा केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान से खुले, गूंजा हर-हर महादेव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बने दिव्य क्षणों के साक्षी, पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न; हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा, 51 क्विंटल फूलों से सजा धाम

रुद्रप्रयाग/केदारनाथ। श्रद्धा, आस्था और दिव्यता के संगम के प्रतीक 11वें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, संपूर्ण धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे और उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
पहली पूजा प्रधानमंत्री मोदी के नाम, धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
कपाट खुलते ही परंपरा अनुसार पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण हुआ है, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
51 क्विंटल फूलों से सजा धाम, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
कपाट उद्घाटन के अवसर पर केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। जैसे ही कपाट खुले, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से यात्रा करते हुए धाम पहुंची थी। इसके बाद प्रातः 5 बजे से पूजा प्रक्रियाएं प्रारंभ हुईं और 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
मुख्यमंत्री ने की श्रद्धालुओं से सेवा भाव की अपील
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।
गणमान्य रहे उपस्थित
कपाट खुलने के अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग/मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहितगण, हकहकूकधारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



