कांवड़ मेले से पहले टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन, तपोवन में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
लक्ष्मण झूला रोड, पार्किंग और बजरंग सेतु क्षेत्र से हटाए गए अवैध ठेले-फड़, संदिग्धों का सत्यापन और नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई

ऋषिकेश/टिहरी। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनि की रेती पुलिस और नगर पंचायत तपोवन की संयुक्त टीम ने तपोवन क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान लक्ष्मण झूला रोड, लक्ष्मण झूला पार्किंग और बजरंग सेतु के आसपास सड़क व सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, फड़ और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध आवाजाही और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
कार्रवाई के दौरान ठेली, फड़ और फेरी लगाने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान भी चलाया गया। बिना वैध अनुमति व्यवसाय करने वालों के दस्तावेजों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने व्यापारियों और फेरी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें। सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सत्यापन अभियान और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन और व्यापारियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।



