उत्तराखंड ताज़ा

पानी की किल्लत खत्म करने की बड़ी पहल, मंत्री खजान दास ने दी करोड़ों की सौगात

राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र की कई गलियों में बिछेंगी नई जल लाइनें, गुणवत्ता और समयसीमा पर सख्त निर्देश

देहरादून: राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने करीब 5.80 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न क्षेत्रों में नई पेयजल लाइनों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

मंत्री ने कावली रोड, कोमेट कॉलोनी, कबीर डेरी वाली गली, गोपीनाथ मंदिर मार्ग, अंसारी मार्ग, डाडीपुर मोहल्ला और कालिका मंदिर के सामने वाली गली समेत कई वार्डों में क्षतिग्रस्त जल लाइनों के स्थान पर नई पाइपलाइन बिछाने की शुरुआत कर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी।

इन क्षेत्रों के लोग लंबे समय से पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे। जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद शासन से शीघ्र स्वीकृति प्राप्त कर कार्य शुरू कराया गया।

भूमिपूजन के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही या गुणवत्ता में कमी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इस दौरान अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी आशीष भट्ट को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंत्री खजान दास ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की पारदर्शी और समयबद्ध कार्यशैली के कारण विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं, जिससे न केवल लागत में कमी आ रही है बल्कि जनता को समय पर लाभ भी मिल रहा है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद संतोष नागपाल, अनिता गर्ग, विमला गौड़, मनोज जाटव, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, महामंत्री अंकुर जैन, पूर्व पार्षद मुरलीधर शर्मा, वरिष्ठ नेता गोपाल पुरी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!