उत्तराखंड

जौनपुर महोत्सव में अज्जू तोमर और मंजू नौटियाल के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक, लोक कलाकारों ने बांधा समां

थत्यूड़ में दूसरी सांस्कृतिक संध्या रही लोक कलाकारों के नाम, खचाखच भरे पंडाल में जौनसारी गीतों और महासू वंदना ने मोहा मन

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। नौवें जौनपुर महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों और पारंपरिक धुनों के नाम रही। शुक्रवार रात राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जौनसारी लोक गायक अज्जू तोमर, लोक गायिका मंजू नौटियाल समेत क्षेत्र के विभिन्न लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक संध्या के दौरान पंडाल दर्शकों से खचाखच भरा रहा और हर प्रस्तुति पर खूब तालियां गूंजती रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार में दायित्वधारी गीता रावत ने किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर महोत्सव क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की धरोहर है। स्थानीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से इस सांस्कृतिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। यह आने वाली पीढ़ियों को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ने की दिशा में सकारात्मक पहल है।

अज्जू तोमर के जौनसारी गीतों पर झूमे दर्शक

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण जौनसारी लोक गायक अज्जू तोमर रहे। उन्होंने ‘चस्का बुरा’, ‘प्रतिमा भाई’ और ‘पिंकीये’ समेत कई लोकप्रिय जौनसारी लोकगीतों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी और पहाड़ी संगीत की धुनों पर महोत्सव में मौजूद दर्शक खुद को थिरकने से नहीं रोक सके।

मंजू नौटियाल और कविता रावत के गीतों ने बांधा समां

स्थानीय लोक गायिका मंजू नौटियाल ने ‘कमर पीड़ा’, ‘सूरत मामा’ और ‘दिल्ली से मनाली’ जैसे गीतों से सांस्कृतिक संध्या में रंग जमा दिया। वहीं लोक गायिका कविता रावत ने भद्रराज देवता की स्तुति और ‘मैत की दुबड़ी’ जैसे गीतों की प्रस्तुति देकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं की खूबसूरती को मंच पर जीवंत किया।

महासू वंदना से लेकर पहाड़ी गीतों तक दिखा लोक संस्कृति का रंग

लोक गायिका मीना आर्य ने महासू वंदना से लेकर ‘लबरा छोरी पिंक प्लाजो’ जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं कुशुम नेगी ने ‘महासू महाज’ गीत के माध्यम से दर्शकों को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।

एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों के बीच महोत्सव समिति के पदाधिकारियों से लेकर आम दर्शकों तक ने लोकगीतों का भरपूर आनंद लिया। देर रात तक पंडाल में उत्साह बना रहा और लोग पहाड़ी धुनों पर जमकर थिरकते नजर आए।

लोक संस्कृति को बढ़ावा दे रहा जौनपुर महोत्सव

जौनपुर महोत्सव क्षेत्रीय लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने एक बार फिर साबित किया कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं के प्रति लोगों में गहरा लगाव है।

इस अवसर पर थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी, वीरेंद्र रावत, ग्राम प्रधान सरस्वती रावत, मेनका सजवाण, समिति अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, जयपाल कैरवाण, अमित असवाल, दीपेंद्र रावत, वीरेंद्र चंदेल, विनोद राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!