उत्तराखंड ताज़ा

तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन: सीएम धामी का प्रवासियों से आह्वान, अपने गांवों के विकास में निभाएं भागीदारी

30 प्रवासियों ने अपने पैतृक गांवों को लिया गोद, उत्तराखण्ड के विकास में प्रवासियों के अनुभव, निवेश और विशेषज्ञता को मिलेगी नई दिशा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों से देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। अब उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास को भी मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं से भावनात्मक जुड़ाव प्रदेश की बड़ी ताकत है। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अन्य प्रवासियों को भी अपने गांवों की उन्नति में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी।

35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। इसके साथ ही 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं तथा भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

हाउस ऑफ हिमालयाज से 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि एवं बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का प्रमुख माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की दीर्घकालिक पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे आगामी 50 वर्षों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रवासी उत्तराखण्डियों से गांवों से जुड़ने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता तथा स्वरोजगार के क्षेत्रों में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र और संतुलित विकास सरकार तथा समाज के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। सरकार और प्रवासी समाज के समन्वित प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्रियों ने भी रखे विचार

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय और आज के उत्तराखण्ड की परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया है। दूरस्थ गांवों तक सड़क संपर्क का विस्तार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अब अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए गांवों की ओर लौट रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने उत्तराखण्ड की प्राचीन आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश योग, आयुर्वेद, वेद और उपनिषदों की समृद्ध परंपरा के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है।

विधायक विनोद चमोली ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और गांवों से जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

प्रवासी राज्य के ब्रांड एंबेसडर : मुख्य सचिव

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य के वास्तविक ब्रांड एंबेसडर हैं। उनका अनुभव, तकनीकी ज्ञान, उद्यमशीलता और निवेश विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को गति दे सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रवासियों से संवाद और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक किशोर उपाध्याय, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!