उत्तराखंड ताज़ा

जौनपुर महोत्सव में हरीश रावत का भव्य स्वागत, बोले- स्थानीय उत्पादों के दम पर मजबूत होगी पहाड़ की आर्थिकी

पूर्व मुख्यमंत्री ने खेल प्रतियोगिताओं का किया उद्घाटन, विभागीय स्टालों का किया निरीक्षण; मंडुवा, झंगोरा और कोणी के उत्पादन को बढ़ावा देने पर दिया जोर

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। नौवें जौनपुर महोत्सव के दूसरे दिन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत थत्यूड़ पहुंचे। यहां जौनपुर महोत्सव समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर उनके बारे में जानकारी ली।

पूर्व मुख्यमंत्री ने महोत्सव में पहुंचे स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों से बातचीत भी की। उन्होंने बच्चों और मातृशक्ति के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने जौनपुर महोत्सव को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामूहिक एकता और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

जौनपुर महोत्सव सामूहिक एकता का प्रतीक: हरीश रावत

हरीश रावत ने जौनपुर महोत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। स्थानीय मंचों से शुरुआत कर युवा अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश और देश में क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे कार्यक्रम हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंडुवा, झंगोरा और कोणी से मजबूत होगी पहाड़ की आर्थिकी

पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक मोटे अनाज मंडुवा, झंगोरा और कोणी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों की बढ़ती मांग पहाड़ के किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार में बेहतर पहचान और उचित मूल्य मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड के पारंपरिक खाद्य उत्पादों की मांग अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचेगी और एक दिन अमेरिकी बाजार में भी इन उत्पादों की विशेष पहचान होगी।

जमीनों को बेचने के बजाय स्थानीय संसाधनों से रोजगार पर दें जोर

हरीश रावत ने क्षेत्रवासियों से अपनी जमीनों को बाहरी लोगों को बेचने के बजाय स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आजीविका के साधन विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहाड़ की जमीन, कृषि और पारंपरिक उत्पाद यहां के लोगों की आर्थिक मजबूती का आधार बन सकते हैं।

प्रेस क्लब धनोल्टी-जौनपुर की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

जौनपुर महोत्सव के दौरान प्रेस क्लब धनोल्टी-जौनपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, अधिवक्ता आनंद बेलवाल, शांति प्रसाद भट्ट, पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख महिपाल सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, कांग्रेस अध्यक्ष रामप्रकाश चमोली, जौनपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, कांग्रेस जिला महासचिव दिनेश रावत, विजय सिंह गुसाईं, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भट्ट, महामंत्री राकेश सजवाण, अनिल बधानी, आदित्य कोहली, अमित बढ़ियारी, विनोद सेमवाल और सुमन नौटियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!