उत्तराखंड ताज़ा

जौनपुर महोत्सव में रेशमा शाह के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक, लोक संस्कृति के रंग में रंगा थत्यूड़

लोक गायिका डॉ. रेशमा शाह की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन, युवाओं से की अपनी बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की अपील

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर ब्लाक के राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज ढाणा में आयोजित नौवें तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव की संगीत संध्या लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही। गुरुवार रात उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. रेशमा शाह ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक जमकर थिरके और देर रात तक महोत्सव स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

संगीत संध्या में लोक कलाकार देवेंद्र पंवार, अर्जुन सेमलियाट, नरेश नौटियाल, सुमन भारती और कविता रावत सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुनों ने पूरे आयोजन को उत्साह और उमंग से भर दिया।

लोक गायिका डॉ. रेशमा शाह ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। उन्होंने पांडव जागर से कार्यक्रम की शुरुआत की और अपने लोकप्रिय लोकगीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों में पहाड़ की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत की झलक देखने को मिली।

डॉ. रेशमा शाह ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

डॉ. रेशमा शाह ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत और बुजुर्गों से मिली सीख उनकी असली विरासत हैं। गांवों, खेत-खलिहानों और बुजुर्गों से सुने लोकगीतों ने उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है।

उत्तराखंड गौरव सम्मान मिलने पर उन्होंने प्रदेश सरकार और जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटी को मिली पहचान में यहां के लोगों, बुजुर्गों और समृद्ध लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण योगदान है।

लोक गायिका ने युवाओं से अपनी क्षेत्रीय भाषा, पारंपरिक पहनावे और लोकगीतों को सहेजकर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी यदि अपनी लोक परंपराओं से दूर होती गई, तो भविष्य में सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना चुनौती बन सकता है। जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम हैं।

डॉ. रेशमा शाह ने अपने जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए युवाओं को कठिन परिस्थितियों में हार न मानने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार, मेहनत और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान ही जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

जौनपुर महोत्सव की संगीत संध्या में ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, गढ़वाली रामायण के रचयिता डॉ देवेंद्र प्रसाद चमोली, महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, जयपाल कैरवाण, सुमन नौटियाल, पृथ्वी सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह चंदेल, बच्चन सिंह रावत, जयप्रकाश नौटियाल, दिनेश रावत, अमित बढ़ियारी, महिपाल सिंह रावत, विजय सिंह गुसाईं और सूरज बिष्ट, दिपेन्द्र रावत, विनोद राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील सजवाण और हीरामणि गौड़ ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!