जौनपुर महोत्सव में CM धामी की बड़ी सौगात, 52 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; थत्यूड़ CHC बनेगा उप जिला चिकित्सालय
नौवें जौनपुर महोत्सव का थत्यूड़ में शुभारंभ, धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग को मंजूरी, भवान बाजार की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ और बाढ़ सुरक्षा के लिए 2.73 करोड़ रुपये की स्वीकृति।

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जिले के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की।
लोक संस्कृति और विकास का संगम बना जौनपुर महोत्सव
जौनपुर महोत्सव का आयोजन वर्ष 2016 से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से किया जा रहा है। महोत्सव स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। खेल गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री के थत्यूड़ पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया।
52 करोड़ की योजनाओं से विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से संबंधित विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, प्राधिकरण, शिक्षा, पशुपालन, सिंचाई, लघु सिंचाई और सामुदायिक विकास योजना से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
थत्यूड़ CHC बनेगा उप जिला चिकित्सालय
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति की जानकारी दी। पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवान बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगों पर विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।
युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून और अतिक्रमण के विरुद्ध की गई कार्रवाई को भी सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों में शामिल बताया।
खेलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को प्रोत्साहन मिल रहा है और उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
पर्यटन और स्वरोजगार से खुलेंगे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण का कार्य गतिमान है और तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए एक जनपद, एक उत्पाद और हिमालय हाट जैसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि धनौल्टी सहित टिहरी जिले के पर्यटन क्षेत्रों में गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
पहाड़ी खेती में नवाचार करने वाले किसान की सराहना
मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से आधुनिक कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों को सराहा।
साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को मिला जौनपुर रत्न सम्मान
समारोह में ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद करने के उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र भेंट किया, जबकि कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
विधायक ने रखीं क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें
धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि जौनपुर महोत्सव नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, पंपिंग योजनाओं, कृषि और उद्यान विकास के लिए स्वीकृत योजनाओं पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धनौल्टी पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।
जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन और पॉलिटेक्निक संस्थान सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग, थत्यूड़ बाईपास के लिए तीन किलोमीटर सड़क और नागराजाधार मोटर मार्ग सहित अन्य कार्यों को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, राज्य मंत्री गीता रावत,संजय नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सुभाष रमोला, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, जौनपुर महोत्सव समिति अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



