लोक भवन में आम जनता की समस्याओं को लेकर सख्त हुए राज्यपाल, बोले- तय समयसीमा में हो प्रकरणों का निस्तारण
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन सचिवालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की; पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसुलभ व्यवस्था पर दिया जोर

देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को लोक भवन सचिवालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर सचिवालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से उनके दायित्वों और कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि लोक भवन की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखते हुए कार्यप्रणाली को अधिक जनसुलभ, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए।
राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन प्रदेश का एक प्रमुख संवैधानिक संस्थान होने के साथ ही जनता की अपेक्षाओं और भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक को सहज पहुंच, सम्मानजनक व्यवहार और अपनी बात रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनभावनाओं के अनुरूप संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।
आम जनता की समस्याओं के निस्तारण में न हो देरी
राज्यपाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं और विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों के प्रति जनता का विश्वास उनकी कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के समाधान की प्रभावशीलता से मजबूत होता है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण मनोयोग, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
लोक भवन सचिवालय के अनुभागों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद राज्यपाल ने लोक भवन सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त उन्होंने लोक भवन पुस्तकालय का भी भ्रमण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
राज्यपाल ने इस दौरान सचिवालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव वित्त डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, डॉ. ए.के. सिंह, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्या और अनुसचिव अनूप सिंह नेगी सहित लोक निर्माण विभाग, सूचना, उद्यान, सुरक्षा एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



