उत्तराखंड

टिहरी में सड़क हादसों ने बढ़ाई चिंता, आठ माह में 61 दुर्घटनाएं

2025 की तुलना में दुर्घटनाओं में करीब 41 प्रतिशत की वृद्धि, जिलाधिकारी ने अंधे मोड़ों और तेज रफ्तार पर सख्ती के दिए निर्देश

टिहरी गढ़वाल। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जनवरी से अगस्त 2026 तक जिले में कुल 61 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2025 की इसी अवधि में 43 दुर्घटनाएं हुई थीं। इस तरह एक वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में करीब 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि, घायलों की संख्या में कमी दर्ज की गई है, जबकि दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या बढ़ी है।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनवरी से अगस्त तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का माहवार, क्षेत्रवार, थानेवार, वाहनवार, समयवार, कारणवार और मार्गवार तुलनात्मक विश्लेषण किया गया।

समीक्षा में सामने आया कि वर्ष 2026 में अप्रैल और जून में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या सर्वाधिक रही। दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में अंधे मोड़, वाहन चलाने में लापरवाही और ड्राइविंग के दौरान चालक का ध्यान भटकना सामने आया।

प्रवर्तन कार्रवाई में भी हुआ इजाफा

बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से की गई प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। परिवहन विभाग ने जनवरी से अगस्त 2025 तक 3,950 चालान किए थे, जबकि 2026 में इसी अवधि में 4,550 चालान किए गए।

इसी तरह पुलिस विभाग ने वर्ष 2025 में जनवरी से अगस्त तक 38,529 चालान किए थे। वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 40,339 हो गई।

अंधे मोड़ों का होगा सर्वेक्षण

जिलाधिकारी ने पुलिस, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को जिले के विभिन्न मार्गों पर स्थित अंधे मोड़ों को चिह्नित कर उनका सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपाय जल्द सुनिश्चित करने को कहा।

देवप्रयाग क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की अधिक संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने वहां ANPR कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की जा सके।

ढलान वाले मार्गों पर तेज रफ्तार पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने ढलान वाले मार्गों पर तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई तेज करने को कहा। साथ ही BRO की ओर से लगाए जाने वाले रंबल स्ट्रिप्स से संबंधित कार्रवाई अगले 15 दिनों में पूरी करने के निर्देश दिए।

सड़क किनारे झाड़ियों की कटान को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को 15 दिनों के भीतर झाड़ी कटान का कार्य पूरा कर जियो-टैग फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट तैयार करने और अगली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. नैगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग टिहरी आर.के. टम्टा, BRO प्रतिनिधि के.सी. नौटियाल एवं सत्यवीर सिंह, एआरटीओ राजेंद्र विराटिया सहित संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!