राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में 90 प्रतिशत मतदान, एक वोट से तय हुआ अध्यक्ष का फैसला
छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, एबीवीपी के आशीष नेगी अध्यक्ष निर्वाचित; एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष, सचिव और सहसचिव पद पर दर्ज की जीत

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्र संघ निर्वाचन 2026 शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय के कुल 367 पंजीकृत मतदाताओं में से 331 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह महाविद्यालय में करीब 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान प्रक्रिया सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक चली। मतदान केंद्र पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महाविद्यालय प्रशासन, निर्वाचन समिति और पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या शिकायत सामने नहीं आई।
एक वोट से अध्यक्ष पद का फैसला
मतगणना के बाद छात्र संघ के विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के आशीष नेगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीपांशु रावत को महज एक वोट से पराजित किया। आशीष नेगी को 165 मत मिले, जबकि दीपांशु रावत को 164 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की दीपिका ने जीत दर्ज की। उन्हें 173 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी शानू पवार को 144 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर एनएसयूआई की सानिया धीमान निर्वाचित हुईं। सानिया धीमान को 161 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी मुस्कान को 151 मत प्राप्त हुए।
सहसचिव पद पर एनएसयूआई की काजल ने जीत हासिल की। उन्हें 162 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी मंजू को 151 मत प्राप्त हुए।
कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की रंगीता निर्वाचित हुईं। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर एबीवीपी की प्रतिष्ठा चमोली निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
प्राचार्य ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जताया आभार
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुंवर सिंह ने बताया कि छात्र संघ चुनाव की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने वाले महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रहित में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।



