उत्तराखंड

टिहरी में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण पर समिति का बड़ा फैसला, 28 आवेदनों में दो को मिली मंजूरी

18 आवेदन आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए रखे गए, पात्रता मानक पूरे न करने वाले आठ आवेदन निरस्त

नई टिहरी। राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिन्हीकरण के लिए प्राप्त 28 आवेदन पत्रों पर समिति ने विस्तृत विचार-विमर्श और अभिलेखों का परीक्षण किया।

समिति ने परीक्षण के बाद दो आवेदनों को सर्वसम्मति से राज्य आंदोलनकारी के रूप में चिन्हीकरण के लिए चयनित किया। चयनित आवेदकों में विधि विहार, नई टिहरी निवासी ओम प्रकाश भट्ट तथा ग्राम कुमाली, पट्टी कुजणी, टिहरी गढ़वाल निवासी स्वर्गीय तोता सिंह शामिल हैं।

वहीं, 18 आवेदन पत्रों में आवश्यक अभिलेख अथवा जानकारी पूर्ण न होने के कारण उन्हें आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए रखने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शासनादेश में निर्धारित पात्रता मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर आठ आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए।

समिति ने सुंदरमणि निवासी ग्राम बडोन, तहसील कीर्तिनगर, विक्रम सिंह बिष्ट निवासी नई टिहरी और विद्या नेगी निवासी बौराड़ी, नई टिहरी सहित अन्य लंबित प्रकरणों को आगामी बैठक में पुनर्विचार के लिए प्रस्तुत करने का निर्णय लिया।

बैठक में आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसीएमओ डॉ. अमलेश कुमार, सब इंस्पेक्टर शांता सजवाण, समिति सदस्य लोरेंद्र दत्त जोशी, मुरारी लाल, देवी सिंह पवार, पुरुषोत्तम सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!