ताज़ा ख़बर

सेवा पखवाड़ा में अंतिम छोर तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, कृषि मंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर उत्तराखंड के 10 लाख किसान जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीप’

देहरादून, 7 सितंबर। आगामी सेवा पखवाड़ा को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में 17 सितंबर से प्रस्तावित सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न राज्यों के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों से सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों को लेकर सुझाव भी लिए। उन्होंने कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

गणेश जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का अभियान भी बने। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें समयबद्ध तरीके से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

10 लाख किसान जलाएंगे आशीर्वाद का दीप

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखंड के करीब 10 लाख किसान अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आशीर्वाद का दीप जलाने का आह्वान किया।

बैठक में निदेशक कृषि दिनेश कुमार तथा निदेशक उद्यान आरके सिंह उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!