उत्तराखंड

जनता दरबार में गूंजीं 58 फरियादें, डीएम नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

पेयजल, बिजली, मुआवजा और पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर हुई सुनवाई; लंबित पेंशन-जीपीएफ प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

नई टिहरी। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन समेत कई अन्य समस्याएं शामिल रहीं।

जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

पेंशन और जीपीएफ प्रकरणों पर डीएम सख्त

जिलाधिकारी ने पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संबंधित लंबित पेंशन और जीपीएफ प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यदि कोई प्रकरण किसी भी स्तर पर लंबित है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि संबंधित स्तर पर कार्रवाई कर उसे समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जा सके।

कॉम्पैक्टरों के निरीक्षण के निर्देश

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत स्थापित कॉम्पैक्टरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कॉम्पैक्टरों की स्थिति, संचालन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पेयजल से लेकर सड़क और राशन तक उठे मुद्दे

जनता दरबार में नरेन्द्रनगर विकासखंड के ग्राम पसर के ग्रामीणों ने बेरनी-ओडाडा-पसर मोटर मार्ग के किमी आठ में सुरक्षा दीवार नहीं होने से खेतों को हुए नुकसान का मामला उठाया। ग्रामीणों ने स्क्रब और सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला कोषाध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा टिहरी गढ़वाल पुलमदास ने ग्राम पंचायत घियाकोटी एवं बिन्दालकोटी तक संपर्क मार्ग और सुरक्षा कार्य कराने की मांग रखी। डीएम ने संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, ग्राम पनियाला प्रतापनगर निवासी संजय पैन्यूली ने बताया कि सोलर पंपिंग पेयजल योजना की 10 सोलर प्लेट क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले पांच माह से ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले में जल निगम घनसाली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

तहसील टिहरी क्षेत्र के ग्राम जाख निवासी विमला उनियाल ने सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से दो माह का राशन नहीं मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा थौलधार विकासखंड के ग्राम डांग गुंसाई निवासी पिंगल दास ने सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत की मांग रखी। वहीं ग्राम गवाणा, हिसरीयाखाल, कीर्तिनगर निवासी राजेंद्र सिंह ने बिरासत शस्त्र लाइसेंस उनके नाम किए जाने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार के माध्यम से जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!