विशेष गहन पुनरीक्षण की डीएम ने की समीक्षा, दावे-आपत्तियों के निस्तारण में तेजी के निर्देश

नई टिहरी। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने रविवार को समीक्षा बैठक की। कैंप कार्यालय से आयोजित वर्चुअल बैठक में उन्होंने जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में आलेख्य प्रकाशन के बाद पात्र नागरिकों और निर्वाचकों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के नियमानुसार निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रारूप-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की प्रारंभिक जांच, डिजिटाइजेशन और निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों से संबंधित मामलों में नियमानुसार संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करने, उनकी सुनवाई करने और इसके बाद सुपर चेकिंग की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए। साथ ही निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के अंतिम निर्णय से असंतुष्ट निर्वाचक अथवा पात्र नागरिक द्वारा की जाने वाली अपील की प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए इसके प्रत्येक चरण को पूरी गंभीरता के साथ पूरा किया जाए। मतदाता सूची तैयार करने में शुद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हो सकें और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।



