कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, आठवें दिन 39.15 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर लौटे
अब तक 2.19 करोड़ से अधिक कांवड़िए हरिद्वार से भर चुके हैं गंगाजल, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में शिवभक्तों की आस्था लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। कांवड़ मेले के आठवें दिन गुरुवार को करीब 39 लाख 15 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल भरकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हरिद्वार में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया है।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा सुरक्षित और स्वच्छ कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग दें।



