टिहरी में लंबित राजस्व मामलों पर डीएम सख्त, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
राजस्व स्टाफ बैठक में वसूली, खाद्यान्न वितरण, अभियोजन और पटवारी चौकियों की मरम्मत की समीक्षा, अधिकारियों से जवाबदेही तय करने को कहा

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित राजस्व मामलों की नियमित सुनवाई कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में राजस्व वसूली, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, विचाराधीन राजस्व वादों तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि आबकारी विभाग ने जून माह में 92 छापेमारी अभियान चलाकर 9 मुकदमे दर्ज किए और एक वाहन सीज किया। वहीं परिवहन विभाग ने अब तक 1,638 चालान किए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने प्रवर्तन अभियान को और तेज करने तथा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
अभियोजन विभाग की समीक्षा में सामने आया कि विभिन्न अधिनियमों के तहत कई मामले अभी भी न्यायालयों में लंबित हैं। जिलाधिकारी ने प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए सभी मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त 42 पटवारी चौकियों की मरम्मत के लिए धनराशि जारी कर दी गई है, जिनमें से 16 चौकियों का कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने शेष चौकियों की मरम्मत जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



