“सिर्फ नंबर नहीं, चरित्र और संस्कार ही बनाते हैं असली विजेता : बंशीधर तिवारी”
'टाइम्स अचीवर्स 2026' समारोह में मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, युवाओं से नैतिक नेतृत्व और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान।

देहरादून। डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जीवन में सफलता का पैमाना केवल परीक्षा के अंक या डिग्री नहीं, बल्कि चरित्र, संस्कार और नैतिक मूल्य भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह को संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और सीखने की इच्छा से मिलती है। उन्होंने कहा कि करियर में उपलब्धियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन परिवार के संस्कार, समाज के प्रति सकारात्मक सोच और नैतिक नेतृत्व ही व्यक्ति को वास्तविक सम्मान दिलाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से विनम्रता, कृतज्ञता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है। इस दौरान उन्होंने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मेधावी छात्रों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, संस्थान प्रमुखों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।



