उत्तराखंड ताज़ा

कांवड़ यात्रा से पहले टिहरी पुलिस का बड़ा एक्शन, ढालवाला में हटाया अवैध अतिक्रमण; व्यापारियों को दी सख्त चेतावनी

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस-नगर निगम का संयुक्त अभियान, रेट लिस्ट लगाने और तय कीमत पर सामान बेचने के निर्देश; श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा पर फोकस

ऋषिकेश/ढालवाला। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए टिहरी पुलिस ने ढालवाला क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को बाधामुक्त बनाया, जिससे कांवड़ यात्रियों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में दोबारा सड़क पर कब्जा न करने की कड़ी चेतावनी दी। साथ ही ढाबा, होटल और भोजनालय संचालकों को प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने, निर्धारित दरों पर ही सामग्री उपलब्ध कराने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने व्यापारियों को यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक सामान रखकर सड़क और यातायात बाधित न करें। प्रशासन ने सभी व्यापारियों से कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की।

टिहरी पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा, सुरक्षा और सहयोग का पर्व है। सभी नागरिक, व्यापारी और श्रद्धालु प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में अपना सहयोग दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!