अमर शहीद श्रीदेव सुमन को जौनपुर में श्रद्धांजलि, वृक्षारोपण और संकल्प के साथ याद किया गया बलिदान
थत्यूड़ के महाविद्यालय, विद्यालयों और सामाजिक-राजनीतिक संगठनों में आयोजित हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम, युवाओं से सुमन के आदर्शों पर चलने का आह्वान

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। उत्तराखंड के अमर स्वतंत्रता सेनानी, टिहरी प्रजामंडल आंदोलन के महानायक एवं जननायक श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर शनिवार को जौनपुर क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों एवं संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उनके अद्वितीय त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।
राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सत्य, न्याय, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए श्रीदेव सुमन का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और सुमन के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने भी उनके जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
वहीं, सकलाना क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव में श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर वृक्षारोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्य सतेन्द्र सरियाल ने छात्र-छात्राओं को श्रीदेव सुमन के संघर्षमय जीवन और टिहरी रियासत के विरुद्ध किए गए ऐतिहासिक आमरण अनशन की जानकारी दी। समाजसेवी अनिल हटवाल ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और जन अधिकारों की रक्षा का अमर प्रतीक है। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया।
इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ में भी विद्यालय परिवार द्वारा श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर विभिन्न जागरूकता एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उनके जीवन पर आधारित गतिविधियों में भाग लिया।
उधर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थत्यूड़ के कार्यालय में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनके स्वतंत्रता संग्राम, त्याग और उत्तराखंड के स्वाभिमान के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
जौनपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अमर शहीद श्रीदेव सुमन का त्याग, संघर्ष और जनहित के प्रति समर्पण आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।



