डोईवाला में एमडीडीए का बड़ा बुलडोजर एक्शन, 5 बीघा में बस रही अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
खेरी रोड पर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनी पर कार्रवाई, एमडीडीए ने दी चेतावनी—अवैध प्लॉटिंग और निर्माण किसी भी कीमत पर नहीं होंगे बर्दाश्त

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को डोईवाला के खेरी रोड क्षेत्र में प्राधिकरण की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह प्लॉटिंग बलविंदर सिंह द्वारा बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एमडीडीए की टीम ने मौके पर बनाई गई अवैध सड़कों और अन्य संरचनाओं को भी ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे किसी भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियां शहर के सुनियोजित विकास में बाधा बनती हैं और आम नागरिकों के हितों को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने लोगों से भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति की जांच करने की अपील की।
वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहा है। जहां भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की शिकायत मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ध्वस्तीकरण के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी जारी रहेगी।



