उत्तराखंड ताज़ा

हरेला पर भाजपा का मेगा अभियान: उत्तराखंड में 6 लाख पौधे लगाएगी पार्टी, हर बूथ पर होगा वृक्षारोपण

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान 16 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा, प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम 50 पौधे लगाने का लक्ष्य; मंत्री, सांसद, विधायक और कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी।

देहरादून। उत्तराखंड में लोकपर्व हरेला के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी 16 जुलाई से 15 अगस्त तक ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 6 लाख से अधिक पौधे लगाएगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के तहत राज्य के 11,729 बूथों पर न्यूनतम 50-50 पौधे लगाए जाएंगे। इस महाअभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकाय और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक विशेष समितियों का गठन किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट को अभियान का संयोजक बनाया गया है, जबकि महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी और युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण की हमारी सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

भाजपा के अनुसार वृक्षारोपण से पहले सभी स्थानों का चयन, गड्ढों की तैयारी और पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इतना ही नहीं, लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी भी अलग-अलग कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी, ताकि पौधे केवल लगाए ही नहीं जाएं बल्कि उनका संरक्षण भी सुनिश्चित हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!