उत्तराखंड ताज़ा

अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर एमडीडीए का बुलडोजर, सहसपुर व मसूरी में बड़ी कार्रवाई

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत, अभियान रहेगा जारी

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को सहसपुर और मसूरी क्षेत्र में प्राधिकरण की टीम ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सहसपुर क्षेत्र के ग्राम शेरपुर में नए हाईवे के निकट सुनील एवं अन्य भू-स्वामियों द्वारा करीब पांच बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण का बुलडोजर चला। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग से जुड़े विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित पक्षों ने प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त नहीं की थी।

इसके अलावा शेरपुर स्थित सेटेनियल स्कूल के पीछे नए हाईवे क्षेत्र में किए जा रहे एक अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। सहसपुर क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व सहायक अभियंता शशांक सक्सेना ने किया।

वहीं मसूरी रोड स्थित कोलूखेत क्षेत्र में भी एमडीडीए की टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां कल्पना शर्मा, विक्रम रावत और विकास थापली द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य को नियमानुसार ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल और पुलिस बल मौजूद रहा।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। अवैध निर्माण और प्लॉटिंग भविष्य में नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!