डीएम का बड़ा एक्शन: अंडरग्राउंड केबल कार्य में लापरवाही पर यूपीसीएल अधीक्षण अभियंता का वेतन रोका
5 दिन में काम पूरा करने का अल्टीमेटम, सड़क पर फैली निर्माण सामग्री तत्काल हटाने के निर्देश; जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की होगी रोजाना मॉनिटरिंग

देहरादून। राजधानी में अंडरग्राउंड बिजली केबल बिछाने के कार्यों की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक चल रहे यूपीसीएल के कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दे दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई स्थानों पर सड़क खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा बेतरतीब तरीके से पड़ा हुआ है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सड़क किनारे फैली सामग्री और मलबा हटाने के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि रोड कटिंग समिति की शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाए और आगामी पांच दिनों के भीतर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने पर्याप्त मैनपॉवर और मशीनरी लगाने के निर्देश देते हुए 500-500 मीटर के पैच बनाकर युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित मार्गों को तुरंत लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाए ताकि सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत कार्य बिना देरी शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, जिससे लोगों को सुरक्षित और बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
डीएम ने यूपीसीएल अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही गैल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को निर्धारित शर्तों के अनुसार लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, लोक निर्माण विभाग एवं यूपीसीएल के अधिकारी मौजूद रहे।



