उत्तराखंड ताज़ा

राष्ट्रीय ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का जलवा, अनुज गौड़ और दीपाली ने जीता स्वर्ण पदक

गुवाहाटी में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय सीनियर ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, नवीन रयाल को मिला विशेष सम्मान

टिहरी। असम के गुवाहाटी स्थित भूगेश्वरी फुकानानी इंडोर स्टेडियम में 29 से 31 मई तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय सीनियर ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों और अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

देशभर से आए खिलाड़ियों, कोचों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ की टीम ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं। संघ की ओर से प्रतिभाग करते हुए सार्थक सेमवाल और गंगा मेहरा ने सफलतापूर्वक रेफरी कोर्स पूर्ण किया, जबकि अनुज गौड़ ने कोच कोर्स उत्तीर्ण कर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के वेटरन्स वर्ग में अनुज गौड़ ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में दीपाली ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। चांदनी और प्रीती ने रजत पदक हासिल कर प्रदेश के लिए एक और उपलब्धि दर्ज की।

चैंपियनशिप के सफल संचालन में उत्तराखंड के नवीन रयाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्हें दोनों मैटों का डायरेक्टर एवं रेफरी काउंसिल का सचिव नियुक्त किया गया था। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।

खेल जगत में उत्तराखंड की इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता राज्य में ग्रेपलिंग खेल के लगातार बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की कठिन मेहनत का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ के महासचिव नवीन रयाल के नेतृत्व में राज्य में ग्रेपलिंग खेल का तेजी से विस्तार हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं।

संघ के अध्यक्ष अखिलेश मित्तल, कोषाध्यक्ष सागर गर्ग, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, समाजसेवी धीरेंद्र रयाल एवं डॉ. राजेंद्र नेगी ने सभी पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!