उत्तराखंड ताज़ा

जनता दरबार में डीएम नितिका खंडेलवाल का सख्त एक्शन, पेयजल-मुआवजा मामलों पर अधिकारियों को फटकार

41 शिकायतों की सुनवाई, भू-अतिक्रमण हटाने से लेकर बिजली चोरी रोकने तक चला प्रशासनिक डंडा सौंग बांध मुआवजा, नंदा गौरा योजना और सड़क क्षति मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल एक्शन मोड में नजर आईं। जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल, मुआवजा, बिजली, पेंशन और सड़क क्षति सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

जनता दरबार में कुल 41 शिकायतें दर्ज हुईं। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए और बाकी शिकायतों का तय समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में डीएम ने अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को भू-कानून के पालन को लेकर विशेष अभियान दोबारा चलाने के निर्देश दिए। वहीं बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया। सभी एसडीएम को वन भूमि और सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को अतिक्रमण वाले क्षेत्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, जबकि जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को राशन कार्ड सत्यापन अभियान में तेजी लाने को कहा गया। डीएम ने कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनता दरबार में कई मामलों पर मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रतापनगर की छात्रा तन्नु ने नंदा गौरा योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की, जिस पर डीपीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं जाखणीधार निवासी जगदीश सिंह पंवार ने बिना मुआवजा दिए खेत काटने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में लोनिवि बौराड़ी के अधिशासी अभियंता को जांच के आदेश दिए गए।

सौंग बांध परियोजना से प्रभावित घुड़साल गांव के ग्रामीणों ने अधूरी भूमि का मुआवजा दिए जाने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि पूरी अधिग्रहित भूमि का मुआवजा मिलने तक वे भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे। इस पर एसएलओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नरेन्द्रनगर क्षेत्र की ज्ञानदेई ने पेयजल लाइन दुरुस्त कराने और सरकारी राशन उपलब्ध कराने की मांग उठाई, जबकि नागदेव पथल्ड निवासी सोबत सिंह चौहान ने सड़क निर्माण के दौरान अपनी सिंचित भूमि क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। डीएम ने आपदा प्रबंधन और लोनिवि को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेन्द्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, सीएमओ डॉ. श्याम विजय सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!